गौवंश हत्या पर ननि परिषद में हंगामा, 12 कर्मचारी होंगे निलंबित, विपक्ष का वाकआउट

भोपाल। नगर निगम परिषद की साधारण सम्मेलन मंगलवार को गौवंश की हत्या के मामले को लेकर भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। सम्मेलन शुरू होने से पहले ही नेता प्रतिपक्ष सहित सभी विपक्षी पार्षद आसंदी के सामने धरने पर बैठ गए। गौवंश के हत्यारों को फांसी दो और गौमाता हम शर्मिंदा हैं, तेरे हत्यारे जिंदा है जैसे नारों से पूरा सदन गूंज उठा। हंगामे के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान भाजपा पार्षद देवेंद्र भार्गव ने भी सदन में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पार्षद पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। हालात को देखते हुए परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने स्लॉटर हाउस में पदस्थ पशु चिकित्सक सहित कुल 12 कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश निगमायुक्त संस्कृति जैन को दिए। इसके बाद देवेंद्र भार्गव का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया गया।

कार्रवाई के बावजूद विपक्ष ने स्लॉटर हाउस टेंडर को लेकर सवाल उठाते हुए परिषद से वाकआउट कर दिया। विपक्ष की अनुपस्थिति में निगम परिषद ने विवाह पंजीयन शुल्क में राहत, निजी कॉलोनियों को स्थाई जल कनेक्शन और ग्रीन म्यूनिसिपल बॉन्ड के प्रस्तावों को मंजूरी दी।

अध्यक्ष सूर्यवंशी ने स्पष्ट कहा कि शहर में गौकशी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्लॉटर हाउस को स्थायी रूप से बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से भी इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। सम्मेलन के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि गौवंश हत्या का मुद्दा निगम की राजनीति में गंभीर रूप से तूल पकड़ चुका है।

 

 

 

Next Post

भोपाल डिक्लेरेशन-2 को लेकर मंथन, दलित-आदिवासी एजेंडे को नए सिरे से गढ़ने की पहल

Tue Jan 13 , 2026
भोपाल। दलित-आदिवासी समाज के सामाजिक, आर्थिक और संवैधानिक अधिकारों को लेकर भोपाल डिक्लेरेशन-2 के मसौदे पर आज राजधानी भोपाल में व्यापक मंथन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर आकर 2002 के भोपाल डिक्लेरेशन की समीक्षा करते हुए नए दौर की […]

You May Like