
ग्वालियर, 13 जनवरी। आज मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर व्यापार मेला में मोटरयान कर (आरटीओ टैक्स) में 50 प्रतिशत छूट देने के निर्णय के लिए व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल संयुक्त अध्यक्ष प्रवक्ता अनिल पुनियानी सहित सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, मेला प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं संभागायुक्त मनोज खत्री का हार्दिक आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया व्यापारी हित में कदम उठाते हुए प्राथमिकता के साथ मेला में रोड टैक्स छूट अविलंब दिलाने के लिए प्रयासरत थे।
ज्ञातव्य है कि ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल एवं संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी आदि पदाधिकारियों ने विगत दिवस मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के परिवहन मंत्री, परिवहन सचिव, वाणिज्यिक कर विभाग, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, मेला सचिव एसके त्रिपाठी को ज्ञापन पत्र भेज कर कहा था कि व्यापारियों के सब्र का बांध अब टूट रहा है क्योंकि ऑटोमोबाइल सेक्टर में आरटीओ टैक्स छूट की घोषणा में विलम्ब किया जा रहा है। मप्र सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मेला व्यापारी संघ के इस ज्ञापन पत्र को अत्यंत गंभीरता से लिया और आज मप्र सरकार की कैबिनेट बैठक में ग्वालियर व्यापार मेला में वाहनों की खरीददारी पर रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट का निर्णय ले लिया गया।
मेला व्यापारी संघ ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अब ग्वालियर मेला की रौनक और अधिक बढ़ जाएगी एवं टैक्स छूट का इंतजार कर रहे खरीदार ऑटोमोबाइल सेक्टर में पहुंच कर रियायती दामों पर टैक्स छूट का लाभ उठाते हुए अपना मनपसंद वाहन खरीद कर अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।
*हाथठेला एवं फड़ वालों को हॉकर जोन में भेजने पर भी कहा “शुक्रिया”*
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बीती शाम मेला के विभिन्न सेक्टरों से हाथठेला एवं फड़ वालों को हटाकर हॉकर जोन में भेजकर मेला की सभी सड़कों को निर्विघ्न एवं सुगम आवाजाही के लिए करने पर एसपी धर्मवीर सिंह यादव, मेला के प्रभारी एसडीएम अतुल सिंह, एसडीओपी मनीष यादव एवं मेला सचिव एसके त्रिपाठी के प्रति व्यापारियों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मेला प्राधिकरण से आग्रह किया कि सैलानियों की सभी सेक्टरों की दुकानों तक आसानी से पहुंच संभव हो सके, इसके लिए आवश्यक है कि मेला की सभी पार्किंग के समस्त गेटों को खोला जाए। इसी के साथ मेला के सभी प्रवेश द्वारों को खोला जाए ताकि किसी भी सेक्टर के कारोबारियों एवं सैलानियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
