बीमारी से मौत बताकर गुमराह करने की कोशिश, पोस्टमार्टम में खुली सच्चाई, पति गिरफ्तार

इंदौर:शहर में एक दांपत्य विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. पत्नी द्वारा लंबे समय से वैवाहिक जीवन का सुख नहीं देने की बात को लेकर पति ने गुस्से में आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति ने बीमारी से मौत की कहानी गढ़कर पुलिस और डॉक्टरों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला उजागर हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

एरोड्रम थाना थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि शुभम नगर निवासी 40 वर्षीय सुमित्रा की 9 तारीख को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. उसका पति माधव चौहान उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था. वहां उसने डॉक्टरों को बताया कि सुमित्रा को लो ब्लड प्रेशर की समस्या रहती थी और इसी कारण उसकी तबीयत खराब रहती थी. जांच के बाद डॉक्टरों ने सुमित्रा को मृत घोषित कर दिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद माधव शव को घर ले गया और रिश्तेदारों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार भी कर दिया. इसी दौरान शार्ट पीएम रिपोर्ट पुलिस को मिली, जिसमें खुलासा हुआ कि सुमित्रा की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई है.

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस की टीम ने माधव को थाने बुलाकर पूछताछ की. सख्ती से पूछताछ के दौरान वह टूट गया और हत्या करना कबूल कर लिया. पूछताछ में आरोपी माधव ने बताया कि उसकी पत्नी बीते आठ साल से उसे वैवाहिक जीवन का सुख नहीं दे रही थी. इसी बात को लेकर सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. उस समय उनका बेटा काम पर गया हुआ था और बेटी स्कूल में थी. विवाद के दौरान गुस्से में आकर माधव ने सुमित्रा का गला दबा दिया, जिससे उसकी सांस रुक गई. बाद में वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचा और बीमारी से मौत की कहानी बताने लगा.

पुलिस ने आरोपी माधव चौहान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. भाटी ने बताया कि आरोपी पेशे से मिस्त्री है. इधर, हत्या के पीछे बताई जा रही वजह को लेकर दोनों पक्षों के परिजन सवाल उठा रहे हैं. मृतका के मायके पक्ष और आरोपी के परिजनों का कहना है कि पुलिस जिस कारण को सामने ला रही है, वह उनके गले नहीं उतर रहा. वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह कारण पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है, जिसकी वीडियोग्राफी भी मौजूद है और इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है

Next Post

सांसद संकुल विकास परियोजना से मिलेगी जनजातीय विकास को गति: साय

Mon Jan 12 , 2026
रायपुर, 12 जनवरी ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कहा कि सांसद संकुल विकास परियोजना से जनजातीय विकास को गति मिलेगी और पलायन रूकेगा। श्री मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सांसद संकुल विकास परियोजना की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि योजना के […]

You May Like