प्रभारी मंत्री सिलावट के मुख्य आतिथ्य में शिक्षानगर में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, जिले भर में सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन
ग्वालियर: स्वामी विवेकानंद की जयंती आज सोमवार को “युवा दिवस” के रूप में मनाई जा रही है। ग्वालियर जिले की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के साथ-साथ अन्य संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन हुए। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम तानसेन नगर स्थित शासकीय बालक उमावि शिक्षानगर में हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, महापौर शोभा सिकरवार, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका सतेन्द्र घुरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी इस आयोजन में सहभागी रहे। सभी शिक्षण संस्थाओं में एक साथ-एक संकेत पर किया गया। युवा दिवस पर आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार आयोजन में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी एवं स्वयंसेवी व समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस आयोजन में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र – छात्राएँ भी शामिल हुए।
जिले के सभी विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम हुए। भितरवार में उत्कृष्ट विद्यालय, डबरा में ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल एवं विकासखंड घाटीगाँव के अंतर्गत बरई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुरार ग्रामीण के अंतर्गत सांदीपनि स्कूल बेरजा में विकासखंड स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन रखा गया।
युवा दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9:30 बजे से आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे-मातरम, स्वामी विवेकानन्द का रिकार्डेड ऑडियो और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया गया।
