सिंगरौली: जिले के औद्योगिक क्षेत्र दीप बलियरी में एक औद्योगिक इकाई से गैस रिसाव की सुगबुगाहट के बाद आसपास के बलियरी, गनियारी चौरा टोला और टिकुरी टोला बस्ती में तीखी दुर्गंध फैल गई। सुबह क्षेत्र में अमोनियम नाइट्रेट जैसी गंध महसूस की गई, जिससे सैकड़ों लोग प्रभावित हुए।दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेने में असहजता हुई, हालांकि इस दौरान किसी की तबीयत बिगड़ने की पुष्टि नहीं हुई। स्थानीय निवासियों के अनुसार गंध इतनी तेज थी कि कई लोगों को घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर रहने को मजबूर होना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार-रविवार को भी कुछ समय तक इसी तरह की स्थिति बनी रही। हवा की गति बढ़ने पर दुर्गंध का असर और अधिक महसूस किया गया। घटना के बाद नागरिकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
