अगरतला (वार्ता) केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मंगलवार को यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) द्वारा संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) का दौरा किया। बिना बताये खेल प्रशिक्षण केन्द्र पहुंची केंद्रीय मंत्री ने प्रशिक्षण सुविधाओं की गहन समीक्षा की, प्रशिक्षकों के समर्पित कार्य और एथलीटों की प्रगति तथा एसटीसी केंद्र की आधुनिक सुविधाओं की समग्र तैयारी का भी निरीक्षण किया। त्रिपुरा में अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने खेल, युवा नीति, शिक्षा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परियोजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा की।
अगरतला में एसएआई-एसटीसी केंद्र जिमनास्टिक पर अपने फोकस के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है, जहां कुशलतापूर्वक चयनित युवा एथलीट वर्तमान में गहन प्रशिक्षण ले रहे हैं। स्थानीय सरकार के सहयोग से स्थापित, इस केंद्र को पूर्वोत्तर भारत में खेल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में मान्यता प्राप्त है।
इस दौरान श्रीमती खडसे ने एथलीटों, युवा प्रशिक्षुओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की, उनकी प्रेरणाओं, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और उनकी व्यक्तिगत आकांक्षाओं को समझने का प्रयास किया।
खेल राज्य मंत्री खडसे ने इस दौरान एक भावुक प्रतिक्रिया में कहा, “भारत का भविष्य इन युवाओं के हाथों में हैं। केंद्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है, उनकी सफलता के लिए प्रतिबद्ध है।”
