इंदौर: उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार रविवार सुबह इंदौर में सड़क हादसे का शिकार हो गया. कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित कनाड़िया ब्रिज पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे डंपर में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार दंपती और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताय कि हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक आयशर वाहन ने अचानक ओवरटेक किया, जिससे डंपर चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए. डंपर के अचानक रुकने के कारण पीछे आ रही अर्टिगा अनियंत्रित हो गई और सीधे डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई. कार में सवार सभी लोग नासिक के निवासी बताए गए हैं. घायलों की पहचान निलेश वाकले, उनकी पत्नी मेघा वाकले और बेटे अंशू के रूप में हुई है. राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद बेटी माही और चालक हर्षद बालेकर को कोई गंभीर चोट नहीं आई.
हादसे की सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और ‘जननी एक्सप्रेस’ की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया. वहीं डॉक्टरों का कहना है कि निलेश के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि मेघा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है. पुलिस को दिए बयान में कार चालक हर्षद बालेकर ने बताया कि डंपर चालक ने लापरवाही से अचानक ब्रेक लगाए, जिससे कार को संभालने का मौका नहीं मिला. पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है.
