
उज्जैन। नीलगाय से एक फिर बड़ा हादसा हो गया। बाइक के सामने आने के चलते 7 साल के मासूम की मौत हो गई, पिता और नानी घायल हो गये। मासूम का परिवार गमी में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहा था। महिदपुर रोड के ग्राम कसारी में रहने वाले दमदारा परिवार में शामिल जितेन्द्र दमदारा, अपनी पत्नी अनिता, पुत्र सचिन के साथ ग्राम केसरपुर निपानिया पत्नी के मायके गमी के कार्यक्रम में आया था। रविवार को कार्यक्रम के बाद परिवार एक दिन के लिये रुक गया। सोमवार दोपहर को जितेन्द्र, उसकी पत्नी, पुत्र सचिन और नानी सास लीलबाई पति नानूराम 65 साल के साथ बाइक से वापस घर कसारी लौटने के लिये निकला। आगररोड पर जैथल से आगे सत्रहा मिल मार्ग नाकोड़ा पेट्रोल पंप में सामने अचानक बाइक के सामने दौड़ता हुआ घोड़ारोज आ गया। हादसे में बाइक पर सवार पूरा परिवार गिर गया। जितेन्द्र, सचिन और लीलाबाई गंभीर घायल हुए। तत्काल लोगों की मदद से एम्बुलेंस बुलाई गई और सभी को चरक अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सात साल के बालक सचिन को मृत घोषित कर दिया। जितेन्द्र और लीलाबाई को उपचार के लिये भर्ती किया गया। मामले की सूचना ड्युटी कम्पाउंडर ने अस्पताल पुलिस चौकी पर दी। चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर बालक सचिन का पोस्टमार्टम कराया है। परिवार बालक के साथ घायल पिता और लीलाबाई की अस्पताल से छुट्टी कराकर ग्राम कसारी ले गये है। हादसे में मृत मासूम की मां को मामूली चोंट लगी है।
