
इंदौर. सोने के आभूषणों का ऑर्डर देकर नकली चोरी से ठगी करने वाले गिरोह का भंवरकुआं पुलिस ने पर्दाफाश किया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपए कीमती 443 ग्राम सोना बरामद किया है.
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में 60 लाख रुपए के सोने की ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह को पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी की मदद से पकड़ा है. फरियादी आसित हाजरा, निवासी पल्हर नगर ने 17 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पाँच रानी हार बनवाने का सौदा किया और रिश्तेदार के नाम पर नकली सोने जैसे दिखने वाले टुकड़े देकर उससे असली सोना ठग लिया. मामले में भंवरकुआं थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने केस दर्ज कर जांच शुरु की थी. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी, एडीसीपी दीशेष अग्रवाल और एसीपी विजय चौधरी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई. जांच में सामने आया कि वारदात को संजय सोनी निवासी नागोरी गेट, जोधपुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया. पहला आरोपी इंदौर में ही रहने वाला संतोष सामई को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में संजय सोनी और अन्य साथियों के शामिल होने का बताया. इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी लोकेशन के आधार पर संजय सोनी व गौरव सोनी को ऋषिकेश से पकड़ा, जबकि नीरज सोनी को जोधपुर से दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कुछ आभूषण पिघला कर अपने लिए नई चेन बना चुके थे और बाकी को जोधपुर में छिपाकर ऋषिकेश भाग गए थे. इस पर पुलिस ने पल्हर नगर में रहने वाले 43 वर्षीय संतोष सामई के साथ जोधपुर में रहने वाले 33 वर्षीय संजय सोनी, यहीं के 26 वर्षीय गौरव सोनी के साथ जोधपुर के ही रहने वाले 55 वर्षीय नीरज सोनी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से तीन रानी हार, 50 ग्राम फाइन गोल्ड, 33 ग्राम की एक चेन, 14 ग्राम की दो अंगुठियों के साथ 443 ग्राम माल जब्त किया है. थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि गिरोह व्हाट्सऐप के माध्यम से आभूषणों का सौदा कर नकली सोने से ठगी करता था. सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे आगे की जानकारी जुटाई जा रही है.
