इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एबी रोड बायपास पर 9 जनवरी को हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस ने अब डम्पर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. इस हादसे में पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई थी.थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि 9 जनवरी की शाम करीब 5:15 बजे महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के सामने बायपास रोड पर टाटा नेक्सॉन कार नम्बर एमपी 13 जेडएस 8994 सड़क किनारे खड़े डम्पर नम्बर आरजे 09 जीई 3615 से पीछे से टकरा गई थी.
हादसा उस वक्त हुआ जब डम्पर बिना किसी संकेतक के खतरनाक स्थिति में खड़ा था. कार में सवार पूर्व गृहमंत्री की बेटी प्रेरणा बच्चन (26), प्रखर कासलीवाल (27) और मनसंधु (26) की मौके पर ही मौत हो गई थी. हादसे में अनुष्का राठी (25), निवासी रॉयल अमर ग्रीन्स निरंजनपुर, गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसका इलाज किया जा रहा है. मर्ग जांच में सामने आया कि डम्पर चालक संदीप मोर्य निवासी उदयनगर ने लापरवाहीपूर्वक डम्पर को एबी रोड बायपास पर खड़ा किया था. जांच पूरी होने के बाद तेजाजी नगर पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है
