इंदौर: पलासिया थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग और निगरानी के दौरान पुलिस ने एक शातिर बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया. सांवरिया पार्क के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार खटकेदार चाकू बरामद हुआ.थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
हाल ही में आयोजित मोहल्ला बैठकों में नागरिकों द्वारा बताए गए संवेदनशील और शैडो एरिया को चिन्हित कर पुलिस टीम वहां नियमित भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान सांवरिया पार्क के पास एक युवक पुलिस को देखकर घबराता नजर आया, जिस पर संदेह होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक की जेब से अवैध चाकू मिला. आरोपी की पहचान सत्यम पिता पूनमचंद बोरासी, निवासी बड़ी ग्वाल टोली के रूप में हुई है.
जब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई तो सामने आया कि वह पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर तुकोगंज थाने में हत्या और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. वहीं तिलक नगर थाने में भी उसके खिलाफ मारपीट के कई प्रकरण पहले से कायम हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपी हथियार लेकर किसी गंभीर वारदात की नीयत से इलाके में घूम रहा था. पलासिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को टालने में सफलता मिली है.
