सिंगरौली: नगर निगम के वार्ड क्रमांक 36 में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां लगभग 16 लाख रुपये की लागत से बनी नाली मौके से गायब पाई गई है। यह नाली दिनेश प्रताप सिंह के घर से दिनेश प्रसाद के घर, जयनगर सड़क तक बननी थी, जिसके लिए 4 अगस्त 2023 को करीब 18.72 लाख रुपये की लागत से टेंडर जारी किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, यह टेंडर महाकाल ब्रदर्स, जयनगर के नाम से स्वीकृत हुआ था और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उपयंत्री द्वारा माप पुस्तिका में विधिवत विवरण दर्ज किया गया। सत्यापन भी पूरा कर लिया गया, और यहां तक कि तकनीकी स्टाफ ने नाली के सामने खड़े होकर फोटो भी खिंचवाए। दस्तावेजों के अनुसार निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण बताया गया और 4 मार्च 2024 को भुगतान भी कर दिया गया।
हालांकि जब हाल ही में नगर निगम अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, तो पूरा मामला खुल गया। निरीक्षण स्थल पर नाली कहीं नजर नहीं आई। इसके बाद से यह चर्चा का विषय बन गया कि आखिर 16 लाख रुपये में बनी नाली चोरी कैसे हो गई।इस बारे में पूछने पर नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक होने पर पुलिस की मदद ली जाएगी। नगर निगम में इस मामले को लेकर हड़कंप मच गया है और अब हर कोई यही सवाल कर रहा है,क्या अब नालियां भी चोरी होने लगी हैं?
