सीहोर। शहर के इतिहास में पहली बार महानगर की तर्ज पर रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब और रेडक्रास सोसाइटी के संयुक्त प्रयासों से शहर के चर्च ग्राउंड के समाने स्थित होटल डी मानक बाग पर एक दिवसीय काइट कार्निवल का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस महोत्सव में डैगन, थ्रीडी और लाइटिंग पतंगों के साथ लाइव बैंड और गरबा की धूम मचेगी. महोत्सव का आयोजन रविवार चार बजे किया जाएगा.
रोटरी क्लब के अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय ने बताया कि संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाला यह एक दिवसीय काईट कार्निवल पहली बार पतंगबाजी का अनुभव लेकर आ रहा है. यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ेगा. गार्डन पर करीब 60 से अधिक स्टाल लगाए गए है. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आन लाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा थी, इसमें करीब 700 से अधिक पंजीयन कराए गए है. परम्पराओं के मध्य एक पारिवारिक महोत्सव है. आज के डिजिटल युग में, जहां नई पीढ़ी मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में सिमट कर रह गई है, यह महोत्सव बच्चों को आसमान के नीचे पारंपरिक भारतीय खेलों से जोडऩे का एक प्रयास है. माहौल को उत्सवमय बनाने के लिए केवल पतंगबाजी ही नहीं, बल्कि लाइव बैंड की प्रस्तुति, गरबा की धुनें और ढोल-नगाड़ों की थाप भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
