इंदौर: राऊ थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रीफिलिंग और संग्रहण का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ा है, जिसके कब्जे से अलग अलग कंपनियों के भरे, खाली और आधे भरे घरेलू गैस सिलेंडर सहित गैस भरने का उपकरण जब्त किया है.।शासन की ओर से प्रधान आरक्षक लक्ष्मण कन्नौजे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है.
आरोपी नितिन मालवीय, उम्र 25 वर्ष, निवासी बी 526 सिलिकॉन सिटी, राऊ के यहां करीब 2.10 बजे से 5 बजे के बीच दबिश दी गई. मौके से भारत गैस के एक भरे और दो खाली घरेलू सिलेंडर, इंडियन गैस के दो आधे भरे सिलेंडर और एक छोटा खाली सिलेंडर, एचपी गैस के दो भरे घरेलू सिलेंडर, एक बिना नाम का छोटा घरेलू सिलेंडर, गैस सिलेंडर रीफिल करने का उपकरण और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा जब्त किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से गैस की अवैध रीफिलिंग कर रहा था और सिलेंडर कहां सप्लाई किए जा रहे थे.
