मोदी कल तीन दिन की यात्रा पर गुजरात जायेंगे

नयी दिल्ली 09 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से गुजरात की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे जहां वह सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होने के साथ-साथ भारत यात्रा पर आने वाले जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि श्री मोदी शनिवार शाम सोमनाथ पहुंचेंगे और वहां ओंकार मंत्र जाप में भाग लेंगे। इसके बाद वह सोमनाथ मंदिर में ड्रोन शो देखेंगे।

श्री मोदी रविवार सुबह लगभग पौनेे दस बजे शौर्य यात्रा में भाग लेंगे जो सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का औपचारिक जुलूस है। इसके बाद प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। लगभग 11 बजे प्रधानमंत्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए राजकोट के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर करीब डेढ बजे वह सम्मेलन में व्यापार शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। दोपहर दो प्रधानमंत्री राजकोट के मारवाड़ी विश्वविद्यालय में कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

राजकोट से प्रधानमंत्री अहमदाबाद जाएंगे। शाम करीब सवा पांच बजे महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पर वह अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के सेक्टर 10 ए से महात्मा मंदिर तक के शेष हिस्से पर लाइन का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री सोमवार को अहमदाबाद में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से मुलाकात करेंगे। सुबह करीब साढे नौ बजे दोनों नेता साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे और फिर सुबह करीब 10 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे।

इसके पश्चात् सवा ग्यारह बजे से गांधीनगर के महात्मा मंदिर में द्विपक्षीय वार्ताएं होंगी जिसमें प्रधानमंत्री और जर्मन चांसलर भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। हाल ही में इस साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हुए हैं।

 

Next Post

महबूब खान करेंगे अंडर-19 विश्वकप में अफगानिस्तान की कप्तानी

Fri Jan 9 , 2026
काबुल 09 जनवरी (वार्ता) महबूब खान जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से शुरू होने वाले 50 ओवर के अंडर-19 विश्व कप में अफगानिस्तान की कप्तानी करेंगे। महबूब खान के पास यूथ एकदिवसीय स्तर पर अफगानिस्तान टीम का काफी अनुभव है, उन्होंने 2024 और 2025 एशिया कप टूर्नामेंट में अपने […]

You May Like