चांचौड़ा: पेंची गांव में पुलिस पर हमला करने वाले 28 लोगों पर मामला दर्ज, दो गिरफ्तार

गुना। चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंची में सोमवार को पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने इस हिंसा में शामिल 28 उपद्रवियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

 

पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले में आरोपियों पर हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुँचाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि वर्दी पर हाथ उठाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मंगलवार को गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी अंकित सोनी जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने हमले में घायल एएसआई और प्रधान आरक्षक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि दोनों घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति अब पहले से बेहतर है और उन्हें उचित उपचार दिया जा रहा है। एसपी अंकित सोनी ने सोमवार शाम को भी घायलों से मुलाकात की थी और पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। अस्पताल में मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने पेंची की घटना पर दुख जताया। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेना और हिंसा करना गलत है। जनता को अचानक आक्रामक होने के बजाय धैर्य से काम लेना चाहिए। जिन लोगों ने जवानों पर हमला किया है, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घायल पुलिसकर्मियों का हाल जानने के साथ ही कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों से भी संवाद किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी सामने आया। कलेक्टर ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए प्रबंधन को अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल पुख्ता करने और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

 

 

प्रतीकात्मक फोटो

Next Post

दबाव में झुका प्रशासन, आखिर माननी पड़ी 17 मौतें

Tue Jan 6 , 2026
इंदौर. भागीरथपुरा और आसपास के इलाकों में फैली बीमारी से हुई मौतों के मामले में आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा. लंबे समय से आंकड़ों को लेकर चल रही असमंजस और सवालों के बीच प्रशासन ने 17 मौतों को स्वीकार करते हुए मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये की […]

You May Like

Play sound