इंदौर:पुलिस कमिश्नरेट द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है. मानव जीवन के साथ ही पशु पक्षियों के लिए घातक साबित हो रहे नायलॉन और धात्विक तत्वों से बने चाइनीज मांझे के विक्रय व उपयोग पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है.पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंदन नगर, द्वारकापुरी और अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की.
इस दौरान चाइनीज मांझा बेचने वाले दो आरोपियों और इसका उपयोग कर पतंग उड़ाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज डोर भी जब्त की हैं. द्वारकापुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किराने की दुकान से चाइनीज मांझा बेचते हुए वृंदावन चौरसिया (43 वर्ष) निवासी द्वारकापुरी को पकड़ा.
वहीं, चंदन नगर पुलिस ने मदीना मस्जिद के पास से अय्यूब मंसूरी निवासी नंदन नगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात चाइनीज मांझा की गिरनियां जब्त कीं. आरोपी की दुकान को सील भी किया गया. इसके अलावा अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे मैदान में चाइनीज मांझे से पतंग उड़ाते हुए 19 वर्षीय आशीष मोयल को पकड़ा, उस पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. पुलिस आरोपियों से मांझे की खरीदी बिक्री के स्रोतों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
