गुरु गोविंद सिंह ने दिखाई स्वाभिमान से जीने की राह  

जबलपुर। खालसा पंथ के सृजक और सरवंश बलिदानी, सिख धर्म के दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का पवित्र 359 वां प्रकाशोत्सव गुरुपर्व समारोह आज गुरुद्वारा प्रेमनगर मैदान में भव्य कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर आदि आयोजनों के साथ अपूर्व उत्साह के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर प्रसिद्ध रागी जत्था मनमोहन सिंह दिल्ली एवं विक्रम सिंह इसराना साहिब, पानीपत हरियाणा ने सम सामयिक गुरुवाणी शबद गुरु सिमर मनाई कालिका खंडे की बेला वाह वाह गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला का विरोचित गायन करते हुए कहा कि मुगल आक्रांताओं से भयभीत और जुल्म का सामना कर रहे भारतवासियों को गुरु गोविंद सिंह ने निर्भय और स्वाभिमान से जीने का मार्ग दिखाया और वीर खालसा का सृजन कर विश्व को संत और सिपाही का नवीन दर्शन चिंतन दिया । गुरुजी ने खुद जहां ऐतिहासिक दशम ग्रंथ की रचना की वहीं श्री गुरुग्रंथसाहिब को सिख धर्म के सर्वोच्च गुरु की पदवी देकर ईश्वर भक्ति का सरल मार्ग प्रशस्त किया।इसके पूर्व अखंड कीर्तनी जत्था, गुरुग्रंथ साहिब भवन एवं महिंदर सिंह मल्होत्रा आदि ने भी गुरुवाणी गायन कर गुरु जी का यश अर्चन किया। इस दौरान समाजसेवी नरेन्द्र सिंह पांधे, दलबीर सिंह जस्सल, काके आनंद,अजीत सिंह नैयर सीटू, अधिवक्ता एन. एस. रुपराह एवं मेधावी छात्रों को सिरोपा, शील्ड और शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जन प्रतिनिधियों ने भी भरी गुरु घर की हाजिरी

गुरुपर्व और नव वर्ष की युति के साथ ही रूमानी मौसम के चलते यहां आस्था का जन सैलाब उमड़ा और चहुंओर उल्लास बिखरा नजर आया। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के साथ ही जन प्रतिनिधियों उदय प्रताप सिंह, शिक्षा परिवहन मंत्री, सांसद आशीष दुबे, बरगी विधायक नीरजा सिंह, अशोक रोहाणी, रत्नेश सोनकर, पूर्व मंत्री हरेंद्र जीत सिंह बब्बू,आर. एस. एस. संघ प्रचारक ब्रिजकांत एवं भूपेंदर सिंह आदि ने गुरु घर की हाजिरी भरी जिन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ज्ञानी फुलबीर सिंह फूल ने किया।

कीर्तन दरबार के साथ गुरु का लंगर भी वितरित

उधर गुरुद्वारा सदर, ग्वारीघाट और श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन सहित विभिन्न गुरुद्वारों में में प्रातः से ही कीर्तन दरबार के साथ गुरु का लंगर भी वितरित किया गया। पूर्व मंत्री एवं जबलपुर सिख संगत के अध्यक्ष हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, सदर प्रधान नक्षत्र सिंह गिल, प्रभजोत सिंह, लखबीर सिंह, कौमी सिंह, हरिंदर सिंह रेखी, परविंदर सिंह गिल, मदन दुबे एवं आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया । रांझी में आज 5 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ प्रकाशोत्सव गुरुपर्व मनाया जाएगा।

Next Post

राजयोग से नशा मुक्त बने 142 ‘विजयी योद्धा’ सम्मानित

Sun Jan 4 , 2026
जबलपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल प्रभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान का शुभारम्भ जबलपुर के प्रेमनगर स्थित शिव उपहार भवन में हुआ। कार्यक्रम में राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से स्थायी रूप से नशा मुक्त हुए 142 विजयी योद्धाओं को सम्मानित किया गया। माउंट आबू से पधारे […]

You May Like

मनोरंजन