
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने आर्थिक अपराधों और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अपनी मुहिम तेज करते हुए पिछले दो दिनों में इंदौर, गुना, शाजापुर और बीना जिलों में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। समन्वित पुलिस कार्रवाइयों के तहत अंतर्राज्यीय ठगी गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया और लूट के मामलों का खुलासा करते हुए 55.68 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर में एक सराफा व्यापारी से सोने की ठगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का 280 ग्राम सोना बरामद किया गया।
गुना में नकली सोना असली बताकर व्यापारियों से ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.17 लाख रुपये जब्त किए। गिरोह छोटे लेन-देन के जरिए विश्वास जीतने के बाद बड़ी रकम लेकर फरार हो जाता था।
शाजापुर में लूट के एक मामले में पुलिस ने नकद राशि, वाहन और हथियार समेत 6.76 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
वहीं बीना में जीआरपी ने ट्रेनों में महिला यात्रियों के पर्स से आभूषण चोरी करने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर 3.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि प्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
