ग्वालियर: ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में 69वी राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता का विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ हुआ। कम्पू स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में 7 जनवरी तक आयोजित हो रही बालिकाओं के लिये 14 व 19 वर्ष आयु वर्ग की इस राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों एवं विभिन्न शिक्षा बोर्ड की कुल 27 टीमें भाग ले रही हैं।
उदघाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि इस आयोजन में लघु भारत के सजीव दर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा खेल का मैदान हमें अनुशासन सिखाता है। अनुशासित होकर ही देश को तेजी से विकास के पथ पर ले जा सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने ध्वज फहराकर राष्ट्रीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। साथ ही सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ भी इस अवसर पर दिलाई गई। उदघाटन कार्यक्रम में शासकीय पद्मा उमावि व शासकीय एमएलबी कन्या उमावि की छात्र-छात्राओं ने रंगारंग एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया।
आरंभ में राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता में भाग ले रहीं सभी टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। स्थानीय विद्या विहार स्कूल के बैंड की मधुर धुन के बीच देश के विभिन्न राज्यों से आईं टीमों में शामिल बालिकायें कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़ीं। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं खेल प्रेमियों ने करतल ध्वनि के साथ सभी टीमों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर आसमान में छोड़े गए रंगीन गुब्बारों ने अलग ही छटा बिखेरी।
