रायपुर, 20 मार्च (वार्ता) रायपुर में बुधवार से शुरु होने वाले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 में देशभर के 3800 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स की तैयारियां को लेकर शुक्रवार को रायपुर संभाग कार्यालय में बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल और कोटा स्टेडियम सहित प्रमुख खेल स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया गया। 25 मार्च से तीन अप्रैल तक होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 3800 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और उनके साथ आने वाले स्टाफ की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। वॉलन्टियर व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 500 युवाओं को पंजीकृत किया गया है। खेल स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल और वेस्ट मैनेजमेंट की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी वेन्यू और खिलाड़ियों के ठहरने वाले स्थानों पर मेडिकल टीम तैनात की जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिभागियों के ठहरने के लिए थ्री-स्टार होटलों में व्यवस्था की गई है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
