विदेशी मुद्रा भंडार 3.292 अरब डॉलर बढ़ा, स्वर्ण भंडार नये रिकॉर्ड स्तर पर

मुंबई, 02 जनवरी (वार्ता) सोने के भंडार में करीब तीन अरब डॉलर की वृद्धि के दम पर देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत 26 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 3.292 अरब डॉलर बढ़कर 696.61 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा भंडार लगातार चौथे सप्ताह बढ़ते हुए 10 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर है। इससे पहले 19 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में यह 4.369 अरब डॉलर बढ़ा था।

रिजर्व बैंक की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 2.955 अरब डॉलर बढ़ा और 113.32 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

आलोच्य सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 18.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 559.612 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, ब्रितानी पाउंड और जापानी येन भी शामिल हैं। डॉलर में उनका मूल्य उनकी संदर्भ दर के आधार पर तय होता है।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 9.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.875 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 5.9 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 18.803 अरब डॉलर पर रहा।

विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत इस समय चीन, जापान, स्विटजरलैंड और रूस के बाद दुनिया में पांचवें स्थान पर है। मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार देश को बाहरी उथल-पुथल से सुरक्षा कवच प्रदान करता है।

 

Next Post

सीधी चैलेंज कप सीजन-9 का भव्य शुभारंभ कल

Fri Jan 2 , 2026
सीधी। अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता कुंवर एण्ड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 का भव्य शुभारंभ कल 3 जनवरी को अपरान्ह 4 बजे मशाल जुलूश के बाद छत्रसाल स्टेडियम में होगा। विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के बीच विजेता ट्राफी का अनावरण मुख्य अतिथि श्रीमती राधा सिंह राज्य मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण […]

You May Like