एशियाई उत्पादकता संगठन की तीन दिवसीय बैठक राजधानी में गुरुवार से

नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता)  एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) के अधिशासी मंडल (जीबी) की तीन दिवसीय 68वीं बैठक यहां भारत मंडपम में गुरुवार को शुरू होगी। भारत की अध्यक्षता में इस बैठक में एपीओ के 20 सदस्य देशों के 60 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे बुधवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 21 मई को उद्घाटन सत्र में उपस्थित रहेंगे। एपीओ के निदेशक, सलाहकार, एपीओ सदस्य देशों के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधि और आमंत्रित अतिथियों के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और भूटान की सरकारों के पर्यवेक्षकों के साथ-साथ ग्लोबल ग्रीन ग्रोथ इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में एपीओ विजन 2030 फ्रेमवर्क, 2027-28 की द्विवर्षीय अवधि के लिए एपीओ के प्रारंभिक बजट और एपीओ महासचिव चुनाव प्रक्रियाओं की समीक्षा पर उच्च स्तरीय चर्चाएं होंगी। कार्यक्रम के प्रमुख एजेंडे में 68वीं शासी निकाय बैठक (जीबीएम) का औपचारिक उद्घाटन और शुभारंभ; 2026-27 के लिए एपीओ अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का चुनाव, एपीओ वार्षिक और वित्तीय रिपोर्ट पर विचार-विमर्श तथा उसे अपनाना, बजट प्रस्तावों एवं संस्थागत सुधारों पर विचार-विमर्श, एपीओ विजन 2030 के अंतर्गत प्रगति तथा सचिवालय के प्रदर्शन की समीक्षा; प्रमुख नीतिगत और प्रक्रियात्मक सिफारिशों का अनुमोदन शामिल है।

उद्घाटन सत्र के दौरान, एपीओ राष्ट्रीय पुरस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत उत्पादकता पैरोकारों और उत्पादकता तकनीकी विशेषज्ञों के लिए एपीओ राष्ट्रीय पुरस्कार की श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों का उद्देश्य राष्ट्रीय उत्पादकता संगठनों (एनपीओ) की भूमिका को मजबूत करना है ताकि वे प्रभावशाली पहलों को आगे बढ़ाने वाली उत्कृष्ट उत्पादकता वाली कंपनियों को बढ़ावा दे सकें और उन्हें मान्यता दे सकें। इसके साथ ही एपीओ सदस्य अर्थव्यवस्थाओं में ठोस सुधारों की ओर ले जाने वाली उत्पादकता की संस्कृति को प्रोत्साहित कर सकें।
अधिशासी मंडल एपीओ की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है और यह शासन, रणनीतिक निगरानी तथा संगठनात्मक निर्णय लेने के लिए सर्वोच्च संस्थागत मंच के रूप में कार्य करती है। वार्षिक रूप से आयोजित होने वाली शासी निकाय की इस बैठक में एपीओ के सभी सदस्य देशों के आधिकारिक प्रतिनिधि संगठन की रणनीतिक दिशा, वार्षिक कार्यक्रम प्राथमिकताओं, शासन ढांचे, संस्थागत प्रदर्शन और वित्तीय नियोजन पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होते हैं। उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया संगठन के संचालन मंडल के 67वें सत्र में एपीओ शासी निकाय की अध्यक्षता ग्रहण की। इसी सत्र के दौरान, भारत ने एपीओ शासी निकाय के 68वें सत्र की मेजबानी करने के अपने निर्णय की घोषणा की। वर्ष 1961 में स्थापित एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 21 सदस्य देशों से मिलकर बना एक अंतर-सरकारी संगठन है।

.....

Next Post

यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने ब्राइट क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराया

Wed May 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने ब्राइट क्रिकेट क्लब को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में बुधवार को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतने के बाद, यंग फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया। ब्राइट क्रिकेट […]

You May Like