
छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र अंतर्गत नदगाय गांव में नदी के पास नीलगाय से टकराने के कारण बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदगाय निवासी रतिराम अहिरवार अपने भतीजे करण अहिरवार के साथ नववर्ष के अवसर पर बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास नदी के समीप अचानक नीलगाय सामने आ गई, जिससे उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सटई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने रतिराम अहिरवार को मृत घोषित कर दिया, जबकि करण अहिरवार का उपचार जारी है।
मृतक रतिराम अहिरवार का पोस्टमार्टम शुक्रवार 2 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे कराया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
