भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मंदसौर और राजगढ़ जिलों में ठगी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संगठित तरीके से आम लोगों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों का पर्दाफाश किया है।
मंदसौर जिले में पुलिस ने ऐसे गिरोह का खुलासा किया, जो तंत्र-मंत्र और कथित चमत्कारों के जरिए लोगों को “रुपये दोगुने” करने तथा “नोटों की बारिश” कराने का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी स्वयं को बाबा और तांत्रिक बताकर लोगों में भय पैदा करते थे तथा विश्वास जमाने के लिए नाटकीय घटनाओं का सहारा लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने फर्जी मौत का नाटक रचकर भी लोगों से रकम ऐंठी। इस संगठित ठगी के जरिए आरोपियों ने पांच लाख रुपये से अधिक की वसूली की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
वहीं राजगढ़ जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया। आरोपी बैंक ग्राहकों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से अवैध निकासी करते थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और वाहन सहित 8.11 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
