मोरवा मंडल अध्यक्ष पर दर्ज आपराधिक प्रकरण से भाजपा में मचा सियासी घमासान

सिंगरौली: जिले के मोरवा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भीतर उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब मोरवा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी को पद से हटाने की मांग उठने लगी। यह मांग अब केवल संगठनात्मक स्तर तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर को एनसीएल मुख्यालय के सामने सत्यनारायण बैस के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना हुई थी।

इस मामले में मोरवा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी सहित आदिल खान, रोहित सिंह चौहान, अमित मोहाली, सिद्धार्थ मोहाली, सादिक तथा वाहन चालक के विरुद्ध मोरवा थाने में बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 296(बी), 324(4), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।शिकायतकर्ता सत्यनारायण बैस (उम्र 43 वर्ष), निवासी गदसा, थाना बरगवां ने मारपीट एवं जान से मारने की धमकी सहित अन्य आरोप लगाए हैं। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब किसी पदाधिकारी के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज हो जाता है, तो उसका पद पर बने रहना पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी आधार पर मंडल अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की जा रही है। यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि संगठन अनुशासन को लेकर पार्टी क्या रुख अपनाती है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बैस समाज के लोगों में भी असंतोष देखा जा रहा है। वहीं कुछ लोगों द्वारा यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण के कारण अब तक कोई ठोस संगठनात्मक कार्रवाई नहीं हो सकी है। हालांकि ये आरोप हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल यह मामला जांचाधीन है। भाजपा संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व इस प्रकरण में आगे क्या निर्णय लेता है।

Next Post

सुख-समृद्धि की कामना लेकर पांढुरना से शिर्डी रवाना हुई साई पालकी पदयात्रा

Fri Jan 2 , 2026
पांढुरना: जिलेवासियों की सुख समृद्धि की मनोकामना को लेकर शिर्डी के साई मंदिर में विशेष पूजा अर्चना करने एक सैकड़ा साई पदयात्रियों का जत्था शुक्रवार को साई बाबा के पवित्र धाम शिर्डी के लिए रवाना हुआ ।प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नगर के पारडी मार्ग पर स्थित साई मंदिर की सदगुरु […]

You May Like