उदयपुरा: रायसेन जिले की उदयपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जमानिया का शासकीय माध्यमिक स्कूल पिछले करीब चार वर्षों से पुनर्निर्माण का इंतजार कर रहा है। वर्ष 2021-22 में एनएच-45 फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान यह स्कूल सड़क की जद में आ गया था, जिसके बाद एमपी आरडीसी द्वारा स्कूल भवन को तोड़ दिया गया।
भवन टूटने के बाद आज तक नए स्कूल का निर्माण शुरू नहीं हो सका। परिणामस्वरूप जहां पहले इस विद्यालय में 80 से 100 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे, वहीं अब एक छोटे से अस्थायी कमरे में मात्र 10 से 15 बच्चे ही पढ़ने को मजबूर हैं।स्कूल पुनर्निर्माण को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा कार्यालय रायसेन से लेकर राज्य शिक्षा कार्यालय भोपाल तक कई बार आवेदन और शिकायतें कीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सामाजिक कार्यकर्ता रवि वर्मा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कलेक्टर कार्यालय के सामने शरीर पर आवेदन बांधकर पिंडदान तक किया। उस समय कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया था, परंतु अब तक काम शुरू नहीं हो पाया।चर्चा है कि स्कूल भवन के लिए लगभग 1 करोड़ 1 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से नक्शा स्वीकृत होकर जिला कार्यालय को नहीं मिलने के कारण निर्माण अटका है।
प्राचार्य भगवान सिंह धाकड़ ने बताया कि राशि स्वीकृत होने के बावजूद नक्शा न मिलने से कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। वहीं सरपंच राम सिंह रघुवंशी ने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता के कारण आदिवासी बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।लगातार उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीण अब आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि शीघ्र निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
