इंदौर: शहर में नाबालिग बच्चों के लापता होने और अपहरण के मामलों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है. ताज़ा घटनाओं में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक ही दिन में पांच नाबालिग लड़के-लड़कियां रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गए. परिजनों को आशंका है कि अज्ञात लोग उन्हें बहला-फुसलाकर ले गए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
खजराना थाना क्षेत्र में 5 अगस्त की सुबह रामकृष्ण बाग के पास रहने वाले एक व्यक्ति की नाबालिग बेटी अचानक घर से गायब हो गई. परिजनों का कहना है कि वह बिना बताए कहीं चली गई और आशंका है कि कोई उसे बहला-फुसलाकर ले गया. परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में 6 अगस्त की रात न्यू जीवन की फेल में रहने वाले एक व्यक्ति का नाबालिग बेटा 9:00 से 9:30 बजे के बीच घर से लापता हो गया.
वहीं, बाणगंगा थाना क्षेत्र से दो नाबालिगों के गायब होने की खबर है भागीरथपुरा निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति का बेटा और गंगाधाम कॉलोनी की एक किशोरी 6 अगस्त की दोपहर अलग-अलग समय पर घर से बिना बताए निकल गईं और वापस नहीं लौटीं. चंदन नगर थाना क्षेत्र में सिरपुर की रहने वाली एक किशोरी 6 अगस्त की दोपहर खेलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में खोजबीन की जा रही है और अपहृत बच्चों को सुरक्षित ढूंढने के लिए टीमों को सक्रिय किया है.
