
छतरपुर। छतरपुर जिले के बक्सवाहा स्थित छात्रावास में नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। छात्रावास में रात के समय अधीक्षिका के पति के ठहरने की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधीक्षिका को निलंबित कर दिया गया है।
इस पूरे मामले की पुष्टि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया ने बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे की। उन्होंने बताया कि छात्रावास जैसे संवेदनशील संस्थान में निर्धारित नियमों और अनुशासन का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम विरुद्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीईओ ने कहा कि छात्रावास में विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और गोपनीयता सर्वोपरि है। प्रारंभिक जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अधीक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मामले की आगे भी जांच की जा रही है और यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रावासों में नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
