सतना: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद जिला अस्पताल में अपेक्षित सहयोग न मिलने के आरोप लगाते हुए मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया।मामला जिला अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहीं डॉ. डैनी सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे ऑटो से समरिटन हॉस्पिटल लौट रही थीं। जैसे ही उनका ऑटो जवाहर नगर गली नंबर-2 पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ऑटो असंतुलित होकर पलट गया, जिसमें डॉ. डैनी उसके नीचे दब गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने ऑटो को सीधा कर घायल डॉक्टर को बाहर निकाला और दूसरे वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर बिरला हॉस्पिटल रेफर कर दिया। इधर, मेडिकल कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि जिला अस्पताल में इलाज और जांच के दौरान उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। बताया गया कि डॉ. डैनी को सीटी स्कैन कराने ले जाया गया, लेकिन वहां भी लापरवाही और असहयोग का सामना करना पड़ा।
इसी बात से नाराज मेडिकल कॉलेज के छात्र जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मांग की है कि गंभीर मरीजों, खासकर चिकित्सकीय स्टाफ के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को समय पर रेफर किया गया और मामले की जांच की जा रही है।
