सोमलबाड़ा। शासकीय हाई स्कूल सोमलबाड़ा में शिक्षाविद विनोद कुमार मालवीय के सेवानिवृत्त होने पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीईओ केसला श्रीमती आशा मौर्य ने की। समारोह में संकुल प्राचार्य, क्षेत्र के शासकीय-अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, स्काउट-गाइड प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बीईओ आशा मौर्य ने श्री मालवीय को कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने वाला शिक्षक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक शिक्षा संस्थानों की अमूल्य धरोहर होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं शिक्षकों ने स्मृतियां साझा कीं। शाला परिवार ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में श्री मालवीय ने सभी के प्रति आभार जताया। समारोह स्नेहिल वातावरण में संपन्न हुआ।
