इंदौर: वर्ष 2025 के अपराधों, पुलिस की उपलब्धियों और आगामी वर्ष की कार्ययोजना को लेकर पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को मीडिया के सामने पूरा रोडमैप रखा. पलासिया स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सालभर के आपराधिक आंकड़ों का विश्लेषण साझा किया. उन्होंने बताया कि शहर में स्मार्ट पुलिसिंग, सोशल पुलिसिंग और ट्रैफिक सुधार आगामी वर्ष की बड़ी प्राथमिकताएं रहेंगी.
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 2025 में गंभीर अपराधों पर सख्ती के साथ ही तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर दिया गया. इस दौरान कई नवाचार किए गए, जिनका असर अपराध नियंत्रण में देखने को मिला. उन्होंने कहा कि 2026 में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर के पांच थानों में बल बढ़ाया जाएगा, जबकि चंदन नगर, लसूडिया और बाणगंगा में तीन नए थाने शुरू करने की तैयारी है.
इन थानों को लेकर शासन स्तर से पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद है. प्रेस वार्ता में पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्वीकार किया कि तिलक नगर, द्वारकापुरी सहित कुछ थानों में बल की कमी सामने आई है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उनका कहना था कि थानों की क्षमता बढ़ने से न केवल अपराध नियंत्रण बेहतर होगा, बल्कि आम लोगों को भी राहत मिलेगी.
ट्रैफिक पर लाएंगे बड़े प्लॉन, उससे पहले जागरूकता अभियान
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर ने संकेत दिए कि आने वाले समय में शहर के लिए बड़े ट्रैफिक प्लॉन लाए जाएंगे. हालांकि इससे पहले व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अब तक 1000 हेलमेट का वितरण किया जा चुका है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.
