
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उज्जैन को रोजगार, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन में युवाओं को जॉब रेडी, स्टार्टअप रेडी और फ्यूचर रेडी बनाने के उद्देश्य से रोजगार से जुड़े सभी कार्य संचालित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी उज्जैन द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह जनसंचार का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उज्जैनवासियों से आह्वान किया कि ऐसा वातावरण बनाया जाए कि जो भी एक बार उज्जैन आए, वह जीवन में बार-बार यहां आने की इच्छा करे।
डॉ. यादव ने शनि लोक के विकास के लिए 140 करोड़ रुपये की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन एरिया इंदौर–उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया बना है, जो क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उज्जैन में हॉकी स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की गई, जिससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
