इंदौर: शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चल रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने लोखंडे ब्रिज के पास नाले के किनारे से एक युवक को 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि जब्त मशरूका की कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है.
एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त में सक्रिय हैं. इसी कड़ी में टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पतारसी शुरू की. कार्रवाई के दौरान लोखंडे ब्रिज के पास नाले के किनारे एक युवक काले रंग की दोपहिया गाड़ी पर बैठा दिखाई दिया, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया. तलाशी लेने पर युवक के पास से 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
मौके से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम भूपेंद्र डिगवा, निवासी एरोड्रम क्षेत्र, इंदौर बताया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गाड़ी रिपेयरिंग का काम करता है और आठवीं तक पढ़ा लिखा है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध लाभ कमाने की नीयत से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में ब्राउन शुगर बेचने की बात कबूल की है. आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशा कहां से मिलता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है.
