
सीधी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अध्यक्षता और वरिष्ठ नेताओं के विशिष्ट आतिथ्य में जवाहर कांग्रेस भवन सीधी में गरिमामय एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह द्वारा ध्वज को सलामी देने के साथ हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात वंदे मातरम और जिंदाबाद के नारों से संपूर्ण परिसर देशभक्ति और कांग्रेस विचारधारा से ओतप्रोत हो गया। इसके उपरांत कांग्रेस सभागार में महापुरुषों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कांग्रेस की गौरवशाली परम्परा और बलिदानों को नमन किया गया। सम्मान समारोह कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में पूर्व अध्यक्ष चिंतामणि तिवारी, पूर्व सांसद मोतीलाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह, पूर्व अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह बाबा, दिवंगत पूर्व अध्यक्ष जयराम शुक्ल के पुत्र एस.पी.शुक्ल, दिवंगत पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सिंह की सुपुत्री सुश्री सोनम सिंह, इस्माइल खान गोरे के पुत्र मो.इम्तियाज, बैजनाथ दुबे की पुत्री श्रीमती विद्या दुबे, दिवंगत पूर्व अध्यक्ष रामपति राम की पत्नी श्रीमती आशा साकेत, अब्दुल मुमताज के भतीजे अहमद रजा, पूर्व अध्यक्ष रामसुंदर पाठक के सुपौत्र अजीत पाठक, अवध राज सिंह के भांजे बृजेंद्र सिंह एवं युवराज सिंह के सुपौत्र सुजीत सिंह शामिल रहे।
सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह द्वारा साल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्षों के कार्यकाल में कांग्रेस को मजबूती देने हेतु किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनसे निरंतर मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की गई। कार्यक्रम में सभी पूर्व अध्यक्षों एवं दिवंगत नेताओं के परिजनों ने देश की आज़ादी, राष्ट्रीय एकता-अखंडता और लोकतंत्र की स्थापना में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका पर अपने विचार रखे। स्वागत भाषण संभागीय प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू द्वारा दिया गया तथा संचालन जिला महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री ने किया। ध्वज सलामी कार्यक्रम का संचालन सेवादल अध्यक्ष अरविंद सिंह रोशन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मिष्ठान एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह वरिष्ठ पार्षदगण विनोद मिश्रा, हल्के सोनी, ओंकार सिंह, मेनका प्रभात सिंह, एड.मनोज सिंह, रमेश साकेत, उपाध्यक्ष आकाश सिंह रिंकू सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, एवं भारी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस देश की आजादी व लोकतंत्र की आत्मा: ज्ञान
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि देश की आज़ादी, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की आत्मा है। आज़ादी से लेकर राष्ट्र निर्माण तक कांग्रेस ने हर मोर्चे पर ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। देश को दिशा देने वाले अनगिनत महापुरुष, स्वतंत्रता सेनानी और जननायक कांग्रेस की विचारधारा से निकले हैं। उन्होंने आज आयोजित सम्मान समारोह का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का यह सम्मान समारोह हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है। जिन पूर्व अध्यक्षों ने अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत किया, संघर्षों के बीच कांग्रेस की लौ को जलाए रखा और जनता के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य किया, उनका सम्मान करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
