
भोपाल। अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा को ठिकाना बनाकर रह रहे फरार बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 पुरुष और 10 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूचना मिलने पर की गई छापेमार कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से कई महंगे सामान बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान फर्जी पत्रकार होने के भी साक्ष्य मिले, जिनमें चैनलों की फर्जी माइक आईडी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सुबह के समय ईरानी डेरा में दबिश दी गई, जहां ईरानी समाज के कुख्यात आरोपी छिपे हुए थे। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने का प्रयास किया, जिनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों पर पूर्व से कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनमें कुछ आरोपी अन्य राज्यों के निवासी भी हैं, जिनकी तलाश वहां की पुलिस कर रही थी और कई पर इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से संदिग्ध चोरी की 21 बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिलें, 51 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, विदेशी मुद्रा, फर्जी पत्रकार से जुड़ा सामान, एक नकली पिस्टल तथा विभिन्न राज्यों की संदिग्ध नंबर प्लेटें बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों से पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य मामलों के खुलासे की संभावना है।
इसके अलावा कॉम्बिंग गश्त के दौरान जोन-4 के थानों की टीम ने 112 स्थायी वारंट और 65 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
