
जबलपुर। 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन कार्यक्रम रविवार को डीपीएस स्कूल नीमखेड़ा में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 28 दिसंबर तक किया गया, जिसमें बास्केटबॉल (14 वर्ष बालक वर्ग) तथा खो-खो (19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग) की प्रतिस्पर्धाएं हुईं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सुशील तिवारी ‘इंदु’ एवं विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. अभिलाष पांडे उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर डी.के. सिंह एवं सुमित भाटिया शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन, दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं बैंड दल के साथ आकर्षक मार्चपास्ट से हुआ। समापन अवसर पर संयुक्त संचालक लोक शिक्षण अरुण कुमार इंग्ले, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, संभागीय क्रीड़ा अधिकारी आशा सिसोदिया, मधुमिता हाजरा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में 34 राज्यों/यूनिट से 1216 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल शामिल हुए।
इस प्रकार रहे परिणाम
बास्केटबॉल 14 वर्ष बालक वर्ग में मध्य प्रदेश प्रथम, दिल्ली द्वितीय, राजस्थान तृतीय, खो-खो 19 वर्ष बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश प्रथम, महाराष्ट्र द्वितीय, दिल्ली तृतीय। खो-खो 19 वर्ष बालक वर्ग में महाराष्ट्र प्रथम, मध्य प्रदेश द्वितीय, दिल्ली तृतीय।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर मेजबान मध्य प्रदेश की टीम ओवरऑल चैंपियन रही।
