चार ज्योतिर्लिंग तथा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन के लिए भारत गौरव एक्सप्रेस

नयी दिल्ली, 16 सितम्बर (वार्ता) रेलवे ने चार ज्योतिर्लिंगों और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा के लिए विशेष भारत गौरव एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार नौ दिवसीय यात्रा पैकेज में देश के चार ज्योतिर्लिंग मंदिरों के साथ आधुनिक भारत की पहचान बन चुके स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन कराया जाएगा।

रेलवे के मुताबिक इस भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन 25 अक्तूबर से शुरू होगा। यात्रा की शुरुआत अमृतसर से होगी और इसमें जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली कैंट और रेवाड़ी से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे। इस यात्रा में उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, द्वारका के नागेश्वर तथा सोमनाथ (गिर-सोमनाथ) ज्योतिर्लिंग मंदिरों के साथ गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर और केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन कराया जाएगा।

ट्रेन में कुल 762 यात्री यात्रा कर सकेंगे। इन्हें इकोनॉमी, स्टैंडर्ड और कम्फर्ट श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा। किराया 19,555 रुपये से 39,410 रुपये तक प्रति यात्री होगा। इसके तहत यात्रियों को शाकाहारी भोजन, आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, बीमा और सुरक्षा की सुविधा दी जाएगी। स्मारकों के प्रवेश शुल्क, व्यक्तिगत खर्च और टिप्स इसमें शामिल नहीं होंगे।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने इस यात्रा को ‘वन-स्टॉप स्पिरिचुअल और कल्चरल टूरिज्म पैकेज’ के रूप में प्रचारित किया है।

आईआरसीटीसी ने यात्रियों को मान्य पहचान पत्र साथ लाने और यात्रा से पहले स्वास्थ्य की जांच कराने की सलाह दी है। आईआरसीटीसी को उम्मीद है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के श्रद्धालुओं में इस पैकेज की भारी मांग रहेगी क्योंकि एक ही यात्रा में चार पवित्र ज्योतिर्लिंगों और एक राष्ट्रीय धरोहर का दर्शन संभव होगा।

आरक्षण आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और चंडीगढ़ तथा दिल्ली स्थित क्षेत्रीय कार्यालयों में किया जा सकता है।

Next Post

स्टेशन रोड पर तीन वाहनों की टक्कर, बाइक और कार के बाद सफारी वाहन भिड़े

Tue Sep 16 , 2025
सतना: स्टेशन रोड पर सोमवार शाम एक के बाद एक तीन वाहनों की टक्कर हो गई। बारिश के दौरान हुई इस घटना में एक कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद सामने से आ रही सफारी ने कार को टक्कर मार दी।घटना में कार नंबर MP 19 ZB […]

You May Like