वाशिंगटन, 25 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका रूसी वार्ताकारों के साथ एक और बैठक करना चाहता है, ताकि वे यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूस की शर्तों की रूपरेखा बता सकें।
श्री रुबियो ने सोमवार को ब्रेइटबार्ट न्यूज वेबसाइट को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “हमें रूस से शुरुआत करते हुए उन दोनों को बातचीत की मेज पर लाना होगा, इसलिए हमने पिछले सप्ताह उनसे मुलाकात की और उस बैठक का मूल प्रश्न था कि वह इस संघर्ष को समाप्त करने में रुचि रखते हैं या नहीं।उन्होंने कहा कि वे सही परिस्थितियों में ऐसा करेंगे। हमने उन शर्तों पर चर्चा नहीं की। इसलिए अगला कदम फिर से उनसे मिलना है, सही लोगों के समूह के साथ और यह रूपरेखा बनाना शुरू करना है कि रूस को युद्ध रोकने के लिए क्या करना होगा।”
उन्होंने कहा कि अमेरिका यूक्रेनी पक्ष के साथ शर्तों पर भी चर्चा करेगा। रक्षा मंत्री ने यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव की आलोचना करते हुए कहा कि यह ‘विरोधी’ है और संघर्ष को रोकने तथा बातचीत करने के लिए अमेरिका की ओर से किये गये प्रयासों के विपरीत है।
गौरतलब है कि पिछले मंगलवार को रियाद में उच्च स्तरीय रूस-अमेरिका वार्ता आयोजित की गयी। रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव और आरडीआईएफ फंड के सीईओ किरिल दिमित्रिव ने किया। अमेरिका का प्रतिनिधित्व श्री रुबियो, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और पश्चिम एशिया के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने किया। श्री उशाकोव ने कहा कि वार्ता इस बात पर केंद्रित थी कि यूक्रेन पर बातचीत कैसे शुरू की जाये। रूसी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों के आकलन के मुताबिक वार्ता के परिणाम सकारात्मक रहे।

