
अबू धाबी 10 सितंबर (वार्ता) सेदिकुल्लाह अटल (नाबाद 73 ) और अजमतउल्लाह ओमरजई (52) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की दम पर अफगानिस्तान ने मंगलवार को एशिया कप ग्रुप बी पहले मैच में हांगकांग को जीत के लिए 189 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 26 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। रहमानउल्लाह गुरबाज (आठ) और इब्राहिम जदरान (एक) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये मोहम्मद नबी ने सेदिकुल्लाह अटल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई। 11वें ओवर में किंचित शाह ने मोहम्मद नबी (33) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद गुलबदीन नईब पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गये। करीम जनत दो रन बनाकर आउट हुये। इस दौरान सेदिकुल्लाह अटल एक छोर थामे रन बनाते रहे। उन्होंने ओमरजई के साथ पांचवे के लिए के लिए 82 रनों की साझेदारी कर अफगानिस्तान को छह विकेट पर 188 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में योगदान दिया। ओमरजई ने 21 गेंदों में पांच छक्के और दो चौके लगाते हुए 52 रन बनाये। सेदिकुल्लाह अटल ने 52 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 73 रन बनाये। राशीद खान तीन रन बनाकर नाबाद रहे।
हांगकांग की ओर से आयुष शुक्ला और किंचित शाह ने दो-दो विकेट लिये। अतीक इकबाल और एहसान खान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
