सतना: स्टेशन रोड पर सोमवार शाम एक के बाद एक तीन वाहनों की टक्कर हो गई। बारिश के दौरान हुई इस घटना में एक कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद सामने से आ रही सफारी ने कार को टक्कर मार दी।घटना में कार नंबर MP 19 ZB 3726 स्टेशन की तरफ से आ रही थी। प्रेम नर्सिंग होम के सामने से सर्किट हाउस की तरफ मुड़ते समय वह एक बाइक से टकरा गई। इसी दौरान सामने से आ रही सफारी ने कार को टक्कर मार दी। सफारी सड़क किनारे एक दुकान के बाहर लगे खंभे से टकराकर रुक गई।
दुर्घटना के बाद सफारी से धुआं निकलने लगा और चालक मौके से फरार हो गया। बारिश के कारण बाइक रिपेयरिंग की दुकान में बैठे असलम समेत कई लोग बच गए। अगर बारिश नहीं होती तो वे दुकान के बाहर काम कर रहे होते।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं कुछ देर बाद डीएसपी यातायात संजय खरे भी मौके पर पहुंच गए।क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करा दिया गया। हादसे में दूध बेचने वाले बाइक सवार को मामूली चोट आई है।
