
मंदसौर। शहर के गोल चौराहा क्षेत्र में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कांग्रेस नेत्री के निवास के नीचे स्थित एक फ्रिज एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना दिन के समय हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। आग की चपेट में दुकान में खड़ा एक फोर व्हीलर वाहन एवं दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। दुकान में रखे फ्रिज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री भी जल गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। मंदसौर एसडीएम शिवलाल शाक्य, एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जितेंद्र भास्कर सहित नगर पालिका की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आग पर काबू पाने के लिए आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया, जिससे आसपास की दुकानों एवं मकानों को और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भीषण आग लगने की घटना को सुनकर घटना स्थल पर पहुंचे महेंद्र सिंह गुर्जर
कांग्रेस नेत्री श्रीमती राखी सत्रावाला के घर में अचानक लगी भीषण आग की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और परिवार को हुई भारी क्षति के लिए उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की।
यह घटना दिल दहला देने वाली है। जिससे काफी नुकसान पहुँचा है। संपत्ति का भारी नुकसान हुआ।
