रीवा: जिले भर में इस समय धान खरीदी की जा रही है. जहा वारदानो की कमी के चलते समय पर धान की तौल और उठाव नही हो पा रहा है. लिहाजा इस ठंड में किसान परेशान हो रहे है. कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर सिरमौर तहसीलदार ने सेवा सहकारी समिति उमरी के वेयर हाउस का औचक निरीक्षण किया, जहा वारदाने गायब मिले.औचक निरीक्षण करने पहुंचे तहसीलदार अनुपम पाण्डेय द्वारा यहां पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए पत्र एसडीएम सिरमौर को प्रेषित कर दिया है.
औचक निरीक्षण के संबंध में तहसीलदार सिरमौर अनुपम पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि रीवा कलेक्टर और सिरमौर एसडीएम के निर्देश पर सेवा सहकारी समिति उमरी सिरमौर के वेयरहाउस का आज औचक निरीक्षण किया गया. यहां पाया गया कि कुल 66 हजार वारदाने दिए गए थे जिनमें से खरीदी केंद्र के ऑपरेटर आशुतोष प्यासी द्वारा महज 45 हजार 99 वारदाने का हिसाब दिया गया जबकि मौके से 20 हजार से ज्यादा वारदाने कम मिले हैं, जिनका हिसाब नहीं मिल पाया है.
तहसीलदार ने बताया कि खरीदी प्रभारी को पूर्व में निरीक्षण की सूचना दी जा चुकी थी इसके बावजूद भी वह मौके पर उपस्थित नहीं थे. बताया कि मौके का निरीक्षण करने के बाद यहां वरदानों की कमी के साथ खरीदी केंद्र प्रभारियों की उपस्थिति ना होना कई प्रकार के संदेहो को जन्म देता है जिसके चलते मौके पर ही पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए रीवा कलेक्टर सहित एसडीएम सिरमौर को पत्र भेजा गया है इसके साथ ही खरीदी केंद्र प्रभारी से जवाब तलब किया गया है.
