
शुजालपुर। मंडी थाना क्षेत्र में ग्राम अमलाय पत्थरकी के समीप 7 फ रवरी को सीहोर निवासी धर्मेंद्र शर्मा पिता रमेशचन्द्र शर्मा की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई थी. उस हत्याकांड में पुलिस को अहम सफ लता मिली है. मामले में एक आरोपी बादल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी चिराग अब भी फ रार है. पुलिस ने बादल को कोटा राजस्थान से गिरफ्तार किया. पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में पकडे गए आरोपी बादल ने हत्या करने के पीछे रंजीश का कारण बताया.
बता दें निपानिया देव मार्ग पर अमलाय पत्थर के पास स्थित एक खेत में 8 फरवरी की सुबह एक युवक का अद्र्धजला शव मिला था, जिसकी पहचान धर्मेंद्र शर्मा पिता रमेश प्रसाद शर्मा 27 वर्ष निवासी ब्रह्मपुरी कॉलोनी, सीहोर के रूप में हुई है. वह कांबेश्वर धाम में पूजा सामग्री बेचने का कार्य करता था और किराए के मकान में रह रहा था. परिजनों द्वारा 7 फरवरी को कोतवाली थाना सीहोर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने पहले धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और बाद में उसका गला रेतकर हत्या कर दी. पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर स्पिरिट डालकर उसे जलाने का प्रयास किया गया. इसके बाद शव को एक किसान के खेत में फेंक दिया गया था.
आरोपी के साथ हुई थी मारपीट
सीहोर निवासी धर्मेन्द्र शर्मा की हत्या के आरोप में पकड़े गए बादल से प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि हत्या के लगभग 8 दिवस पूर्व मृतक के परिवार एवं आरोपी पक्ष के मध्य मजदूरी के रुपयों को लेकर विवाद हुआ था और आरोपी के साथ मारपीट की गई थी. इसी रंजीश के चलते आरोपी बादल व चिराग 7 फरवरी को धर्मेन्द्र को उसके घर से बाइक पर लेकर गए, जहां से वे अमलाय पत्थरकी के समीप पहुंचे, रास्ते में 3-4 स्थान पर तीनों ने शराब भी पी. साथ ही अरनियाकलां के समीप एक ढाबे पर उनके मध्य 7 फरवरी की रात को विवाद भी हुआ. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात नशे और गुस्से की स्थिति में हुई. धर्मेन्द्र का चाकू से गला रेतकर हत्या की गई और स्प्रीट से उसका शव जलाने का प्रयास किया. मंडी पुलिस द्वारा फरार आरोपी चिराग की तलाश की जा रही है और पकडे गए आरोपी बादल से विस्तृत पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी शुजालपुर मंडी शिवकुमार यादव ने बताया कि धर्मेन्द्र शर्मा हत्या कांड में एक आरोपी को राउंडअप किया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है. इस मामले में जल्द ही पुरा खुलासा किया जाएगा.
