सतना में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर बनाएंगे नया इंडस्ट्रियल पार्क:डॉ. यादव

सतना:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष, उद्योग, रक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार भी प्रदेश भर में उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव करने के निर्णय की सराहना की है। अब इन्हें जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हुई, अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश सर्व सुविधा युक्त बनें, मध्यप्रदेश विकास की दौड़ में सबसे आगे रहे और युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए राज्य सरकार हर कदम पर उद्यमियों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सतना में विंध्य व्यापार मेले को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना, विंध्य क्षेत्र में व्यापार-व्यवसाय का बड़ा केंद्र है। विंध्य व्यापार मेले के सफल आयोजन के लिए सतनावासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सतना में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विंध्य व्यापार मेले के आयोजन के लिए विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स को 8 एकड़ भूमि देने एवं सतना में व्यापारिक गतिविधियों, सांस्कृतिक सम्मेलन आयोजित करने के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन बनाए जाने की घोषणा की।
प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने सतना को स्मार्ट सिटी के रूप में चयन कर सौगात दी है। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नये आयाम गढ रहा है। सतना विकास के उस पथ पर शामिल हो गया है, जहां अंतरराज्यीय बस अड्डा भी उपलब्ध हो गया है। सतना के सांसद गणेश सिंह ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में सतना जीएसटी कलेक्शन में अग्रणी जिला है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में 30 लाख करोड़ का पूंजी निवेश आया है। जिनमें 8 लाख करोड के औद्योगिक पूंजी निवेश धरातल पर उतर गये हैं। विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने कहा कि सतना विंध्य की औद्योगिक एवं पवित्र नगरी है। विंध्य व्यापार मेला सन् 2000 से प्रति दो वर्ष के अंतराल पर आयोजित हो रहा है। विंध्य व्यापार मेले का यह 25वां वर्ष एवं 12वां संस्करण है। इसमें 8 राज्यों के लगभग 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर सतना श्री योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, चेम्बर महामंत्री संदीप जैन, मनोहर अग्रवाल, अनिल जायसवाल, मेला संयोजक उमेश प्रताप सिंह, हरिओम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित थे।

Next Post

स्व.तनुजा के जन्म दिन पर बच्चों को खेल ड्रेस वितरित

Sun Dec 28 , 2025
सीहोर। जिला मुख्यालय के ग्राम महुआखेड़ी के शासकीय माध्यमिक शाला में जिला परियोजना समनव्यक एपीसी चन्द्रशेखर वर्मा के मुख्य आतिथ्य में एवं संकुल प्राचार्य सुभाष के आशीष शर्मा के विशेष अतिथ्य में ग्राम महुआखेड़ी तकीपुर निवासी प्रभात मालवीय, माता चन्दा मालवीय के द्वारा उनकी स्वर्गीय सुपुत्री तनुजा मालवीय के जन्मदिन […]

You May Like