इंदौर: जल्द ही इंदौर को एक और बड़ा एवं आधुनिक रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है. पश्चिम रेलवे द्वारा विकसित किया जा रहा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन फरवरी 2026 से पूरी तरह ऑपरेशनल हो जाएगा. स्टेशन के शुरू होने से जहां यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. वहीं, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी.पश्चिम रेलवे द्वारा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का विकास कार्य तेजी से अंतिम चरण में है. करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट में 45 करोड़ रुपए स्टेशन भवन और अन्य सुविधाओं पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि 10 करोड़ रुपए की लागत से 36 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो फरवरी से स्टेशन पर ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा. स्टेशन विकास को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के लिए 5 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, जिससे यहां बुनियादी और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को आसानी से संभाला जा सके.
मुख्य स्टेशन पर चल रहा विकास कार्य लंबा खिंचने के आसार
इंदौर मुख्य रेलवे स्टेशन पर अभी भी विकास कार्य चल रहा है, जो लंबा खिंचने की संभावना है. ऐसे में इंदौर से शुरू होने वाली नई ट्रेनों और इंदौर तक आने वाली कुछ ट्रेनों का डेस्टिनेशन लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन तय किया जाएगा. इससे शहर के यात्री यातायात को वैकल्पिक और सुगम व्यवस्था मिलेगी. अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन पर यात्रियों की ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ मालगाड़ियों के लिए भी अलग व्यवस्था की जा रही है. दो प्लेटफार्म के बीच एक अतिरिक्त रेल पटरी बिछाई जा रही है, ताकि मालगाड़ियों की आवाजाही से यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित न हो और रेलवे लाइन इंगेज न रहे.
आधुनिक स्टेशनों की तरह विकसित की जा रहीं सुविधाएं
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अन्य आधुनिक स्टेशनों की तरह एक्सीलेटर लिफ्ट, प्रतीक्षालय और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए तीन नई लिफ्टें लगाई जा रही हैं. इसके अलावा प्लेटफार्मों की लंबाई भी बढ़ाई जा रही है, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव आसानी से हो सकेगा.
शहर के रेलवे नेटवर्क की एक मजबूत कड़ी बनेगा यह स्टेशन
फिलहाल, स्टेशन पर सिग्नल सिस्टम के स्थानांतरण, पुराने भवनों को तोड़ने और ट्रैक पर नई पटरियां बिछाने का काम अंतिम दौर में है. वर्तमान में स्टेशन पर तीन प्लेटफार्म हैं, जबकि दो नए प्लेटफार्म निर्माणाधीन हैं. साथ ही दो अतिरिक्त रेलवे ट्रैक भी डाले जा रहे हैं, ताकि रेल यातायात और अधिक सुचारु हो सके. लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के चालू होने से न केवल इंदौर शहर को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह स्टेशन शहर के रेलवे नेटवर्क की एक मजबूत कड़ी के रूप में उभरेगा.
