हाईकोर्ट इंदौर बेंच में सरकार की नई पैरवी टीम बनी


इंदौर: राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में सरकार की ओर से पैरवी के लिए नई कानूनी टीम घोषित कर दी है. विधि और विधायी कार्य विभाग द्वारा जारी सूची में इस वर्ष भी तीन अतिरिक्त महाधिवक्ता और तीन उप महाधिवक्ता नियुक्त किए हैं. कुल 41 सदस्यों की नई टीम ने हाईकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया.

विधि और विधायी कार्य विभाग के अतिरिक्त सचिव प्रवीण हजारे द्वारा जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में राहुल सेठी, आशीष यादव और सोनल गुप्ता की नियुक्ति की गई है. सोनल गुप्ता पूर्व में इसी पद पर कार्यरत थे और अब उनकी पदस्थापना जबलपुर खंडपीठ से इंदौर खंडपीठ में की गई है. राहुल सेठी वरिष्ठ अधिवक्ता एके सेठी के पुत्र हैं, जबकि आशीष यादव मूल रूप से हरदा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.

इसी तरह कुशल गोयल, सुदीप भार्गव और श्रेयराज सक्सेना को उप महाधिवक्ता बनाया गया है. ये तीनों ही पूर्व सूची में भी शामिल थे. श्रेयराज सक्सेना की पोस्टिंग भी जबलपुर से इंदौर अटैच की गई है. नई नियुक्तियों के साथ ही हाईकोर्ट इंदौर खंडपीठ में राज्य सरकार की पैरवी के लिए पूरी टीम सक्रिय हो गई है, जिससे आगामी मामलों में शासकीय पक्ष की मजबूत प्रस्तुति की उम्मीद जताई जा रही है.

सेवानिवृत्त डीएसपी को भी मिली जिम्मेदारी
नई सूची में एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को भी शासकीय अधिवक्ता के रूप में जिम्मेदारी दी गई है. जयगोपाल चौकसे, जो पुलिस विभाग से डीएसपी पद से रिटायर हो चुके हैं और इंदौर के कई थानों में टीआई रह चुके हैं, को भी सरकारी वकील नियुक्त किया है. वहीं, इंदौर के पूर्व कलेक्टर मनीष सिंह के पुत्र कुशाग्र सिंह का नाम उप शासकीय अधिवक्ता की सूची में शामिल किया है. इस बार सूची में पुराने अधिकांश नामों में बदलाव किया है. यह सूची लंबे समय से अटकी हुई थी. पहले दो बार एक-एक माह और उसके बाद तीन माह के लिए पूर्व नियुक्तियों की अवधि बढ़ाई जाती रही. यह अवधि 31 दिसंबर को समाप्त होने वाली थी, उससे पहले ही नई टीम की नियुक्ति कर दी गई और सभी ने शक्रवार को विधिवत पदभार संभाल लिया.

यह है सरकारी वकीलों की सूची…
सरकारी वकीलों की सूची में उषा चौहान, राजवर्धन गावड़े, अमित भाटिया, आयुष्मान चौधरी, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, दिनेश सिंह चौहान, भाग्यश्री गुप्ता, गजेंद्र सिंह डोडिया, अम्बुज पटेल, सुनील कपूर, विराज गोधा, अभिमन्यु सिंह, आदित्य वैभव सिंह, जयगोपाल चौकसे, दृष्टि रावल, प्रद्युम्न किबे, भास्कर अग्रवाल, प्रशांत जैन, अंशुल राजपुरोहित, हेमंत कुमार शर्मा, आदित्य गर्ग, मनीष कुमार सांखला, राजेन्द्र सिंह सूर्यवंशी, रोमिल वर्मा, हरीश सिंह राठौर, तरुण पगारे, गौरव रावत और राहुल सोलंकी शामिल हैं. उप शासकीय अधिवक्ता के रूप में सुरेंद्रपाल सिंह अलावा, विजय नागपाल, कुशाग्र सिंह, प्रांजलि यजुर्वेदी, अनूप सोनकर और ऐश्वर्या सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Next Post

फरवरी से चालू होगा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन

Sun Dec 28 , 2025
इंदौर: जल्द ही इंदौर को एक और बड़ा एवं आधुनिक रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है. पश्चिम रेलवे द्वारा विकसित किया जा रहा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन फरवरी 2026 से पूरी तरह ऑपरेशनल हो जाएगा. स्टेशन के शुरू होने से जहां यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. वहीं, सिंहस्थ 2028 की […]

You May Like