सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिवंगत कर्मचारी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के कर्मचारी श्री जयप्रकाश चौरसिया के निधन का समाचार मिलने पर अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए और उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

भोपाल में शनिवार को श्री जयप्रकाश चौरसिया के निधन की सूचना मिलते ही प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा अंतिम संस्कार में पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत कर्मचारी की सेवाओं की सराहना भी की।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि श्री जयप्रकाश चौरसिया भले ही संगठन में साधारण पद पर रहे हों, लेकिन उनका योगदान असाधारण था। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने उनके उपचार के दौरान भी हरसंभव सहयोग किया और आगे भी उनके परिजनों की चिंता परिवार की तरह करता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यालय का प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह किसी भी पद पर हो, पार्टी कार्यकर्ताओं की भांति भाजपा परिवार का ही सदस्य है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी भारतीय जनता पार्टी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और पीड़ित परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। अंतिम संस्कार में प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं भाजपा कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Next Post

सीएम डॉ. यादव ने अस्पताल भवन और क्रिटिकल केयर यूनिट का किया भूमि-पूजन

Sat Dec 27 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सतना में शासकीय मेडीकल कॉलेज में 383 करोड रूपये की लागत से निर्मित होने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन का भूमि-पूजन किया। चिकित्सालय भवन का निर्माण हो जाने से मेडिकल कॉलेज के समीप ही 650 बिस्तर के आधुनिक अस्पताल की सुविधा […]

You May Like