आईटी, ऑटो कंपनियों के दबाव में लुढ़के शेयर बाजार

मुंबई, 26 दिसंबर (वार्ता) रुपये में जारी नरमी से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली का जोर रहा और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 367.25 अंक (0.43 प्रतिशत) टूटकर 85,041.45 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 99.80 अंक यानी 0.38 प्रतिशत नीचे 26,042.30 अंक पर रहा।

डॉलर की तुलना में रुपये में नरमी का दबाव शेयर बाजारों पर भी देखा गया। इससे निवेश धारणा कमजोर हुई।

मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.38 प्रतिशत फिसल गया। स्मॉलकैप-100 सूचकांक भी 0.08 फीसदी टूटा।आईटी, ऑटो, मीडिया, स्वास्थ्य और फार्मा समूहों के सूचकांक गिरकर बंद हुए। धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों में तेजी रही। एनएसई में कुल 3,249 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,867 के शेयर लाल निशान में और 1,285 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 97 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयरों में गिरावट रही। बजाज फाइनेंस का शेयर 1.48 फीसदी, एशियन पेंट्स का 1.41, टीसीएस का 1.22, इटरनल का 1.12, टेक महिंद्रा का 1.10 और सनफार्मा का 1.05 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

पावरग्रिड, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक,आईटीसी, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल और इंफोसिस में भी गिरावट रही।

टाइटन का शेयर सबसे अधिक 2.13 फीसदी चढ़ा। एनटीपीसी में 0.45 प्रतिशत की गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.68 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.17 प्रतिशत और चीन का शंगआई कंपोजिट 0.10 प्रतिशत चढ़ा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.23 प्रतिशत चढ़ा जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.19 फीसदी की गिरावट रही।

 

 

Next Post

'एयर प्यूरीफायर पर से जीएसटी की दर कम करने के लिए वर्जुअली नहीं हो सकती है जीएसटी काउंसिल की बैठक'

Sat Dec 27 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया कि एयर-प्यूरीफायर पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दर कम करने या खत्म करने के मुद्दे पर फैसला करने के लिए जीएसटी परिषद की बैठक सिर्फ भौतिक रूप से ही हो सकती है, वर्चुअली नहीं। इसके […]

You May Like