
सिंगरौली। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ जिला सिंगरौली ने सोशल मीडिया पर वन विभाग के कर्मचारियों के विरुद्ध भ्रामक व तथ्यहीन ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संघ ने कहा है कि कुछ राजनीतिक दलों एवं व्यक्तियों द्वारा यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से झूठे आरोप फैलाकर वन अधिकारियों की छवि खराब की जा रही है।
संघ ने स्पष्ट किया कि कार्यवाहक वनपाल सुशील कुमार बुनकर के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। बिना किसी ठोस और प्रमाणित जांच के किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करना न केवल गलत है, बल्कि इससे शासन की नीतियों और प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है।
मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ ने मांग की है कि जब तक आरोप प्रमाणित न हों, तब तक किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर झूठे व बेबुनियाद ऑडियो-वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ में बैढ़न में रैली निकाल कर सिंगरौली कलेक्टर सहित पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को सौपा ज्ञापन।
